खंडवा: नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 6 माह पहले हुआ था विवाह; पुलिस जांच में जुटी
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका का विवाह करीब छह माह पूर्व मलगांव में हुआ था। वह मूल रूप से हरदा जिले की निवासी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
ससुराल पक्ष का कहना है कि घर में टेबल पर रखी कीटनाशक दवा गलती से भोजन में मिल गई, जिससे जहरीला पदार्थ महिला के पेट में चला गया। वहीं मृतका की मां ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए ससुराल पक्ष पर बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार होने के आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा
खंडवा