ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, नाविकों ने दूसरे श्रद्धालु की बचाई जान
ओंकारेश्वर। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल ओंकारेश्वर में बुधवार सुबह नर्मदा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजस्थान के सालासर निवासी 28 वर्षीय महावीर कुमार की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ स्नान कर रहे एक अन्य श्रद्धालु सियाराम की स्थानीय नाविकों ने समय रहते जान बचा ली।
मांधाता थाना पुलिस के अनुसार, महावीर कुमार बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे अपने साथियों के साथ नर्मदा स्नान के लिए घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोर तुकाराम ने सुबह करीब 7 बजे महावीर का शव नदी से बाहर निकाला।
इसी दौरान नाविक लक्ष्मण वर्मा और दिलीप जुलवारिया ने साहस का परिचय देते हुए नाव की मदद से दूसरे श्रद्धालु सियाराम को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
महावीर कुमार का शव बाहर निकलते ही घाट पर मौजूद परिजनों और श्रद्धालुओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद मौजूद लोगों ने ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और रेस्क्यू सिस्टम को लेकर सवाल उठाए। श्रद्धालुओं का कहना है कि लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा इंतजाम और अधिक मजबूत किए जाने चाहिए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और परिजनों से चर्चा के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Read Next







खंडवा
खंडवा 