कालमुखी में लोहे के सरिए से जानलेवा हमला!धनगांव पुलिस ने 3 आरोपियों को घंटों में किया गिरफ्तार.
खंडवा। धनगांव थाना क्षेत्र में मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना कालमुखी गांव की है, जहां एक महिला और उसके पति पर लोहे के सरिए और लकड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया था।
पुलिस के अनुसार कालमुखी निवासी वंदना तंवर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि शुभम तंवर, पवन तंवर और ममताबाई तंवर ने उनके तथा उनके पति रितेश तंवर के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से लोहे के सरिए एवं लकड़ी से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
शिकायत के आधार पर धनगांव थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 162/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम तंवर (21), पवन तंवर (23) एवं ममताबाई तंवर (42), सभी निवासी ग्राम कालमुखी शामिल हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी गंगाप्रसाद वर्मा, उप निरीक्षक निर्मल कन्नौजे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों और महिला संबंधी मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Read Next









