खंडवा: स्लॉटर हाउस को शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग तेज, सांसद और विधायक ने CM को सौंपा पत्र

खंडवा | शहर के इमलीपुरा क्षेत्र में संचालित स्लॉटर हाउस को लेकर विवाद और जनआक्रोश के बीच अब जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। ज्ञानेश्वर पाटिल (सांसद, खंडवा) और कंचन मुकेश तनवे (विधायक, खंडवा) ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपकर शहर के बीच स्थित स्लॉटर हाउस को नगर सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है।
हाल ही में बुरहानपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री को यह पत्र सौंपा गया। उल्लेखनीय है कि खंडवा के इमलीपुरा स्थित स्लॉटर हाउस पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
पत्र में जनप्रतिनिधियों ने बताया कि घनी आबादी के बीच संचालित स्लॉटर हाउस से स्थानीय नागरिकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इनमें प्रमुख रूप से स्वास्थ्य जोखिम, प्रदूषण, मानसिक असुविधा और यातायात बाधाएं शामिल हैं।
पशु अवशेषों के अनुचित निपटान और दुर्गंध से संक्रामक बीमारियों का खतरा
दूषित पानी और गंदगी से भूजल व पर्यावरण प्रदूषण
रिहायशी क्षेत्रों और स्कूलों के पास होने से सामाजिक व मानसिक प्रभाव
पशु परिवहन के कारण संकरी सड़कों पर बार-बार जाम की स्थिति
जनप्रतिनिधियों ने यह भी उल्लेख किया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
मांग:
पत्र में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए स्लॉटर हाउस को तत्काल प्रभाव से शहर की सीमा से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए जाएं।
Read Next









