खंडवा में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, गेहूं खरीदी और बारदाना मुद्दे पर प्रदर्शन
मध्यप्रदेश के खंडवा में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। गेहूं खरीदी में हो रही देरी और बारदाने में कथित घोटाले को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने खंडवा दौरे के दौरान 9 तारीख को कलेक्ट्रेट घेराव का आह्वान किया था। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई।
मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर CSP, कोतवाली TI सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिसने हालात को नियंत्रण में रखा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी और जिला ग्रामीण अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी नीतियां अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गेहूं खरीदी में देरी से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है, वहीं बारदाने के मामले में भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Read Next









