खंडवा : पिपलोद थाना क्षेत्र के शासकीय स्कूल में छात्र व छात्रा की हरकत से मचा हंगामा, ‘सामूहिक रोक’ पर विवाद… ACACU टीम की पहल के बाद लड़कों को मिली प्रवेश अनुमति

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले एक शासकीय स्कूल में दो विद्यार्थियों से जुड़ा मामला इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। छात्रों के भविष्य और लोकलाज को ध्यान में रखते हुए स्कूल का नाम उजागर नहीं किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सातवीं कक्षा का एक छात्र और आठवीं कक्षा की एक छात्रा स्कूल परिसर के एक कोने में आपत्तिजनक स्थिति में बैठे पाए गए। इस दौरान कुछ अन्य छात्रों ने उनकी फोटो खींच ली, जो बाद में स्कूल प्रबंधन तक पहुंची। बताया जा रहा है कि घटना करीब दो महीने पहले की है, लेकिन हाल ही में मामला चर्चा में आया।
परीक्षा तक लड़कों के प्रवेश पर रोक की चर्चा
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में यह चर्चा फैल गई कि स्कूल प्रबंधन ने परीक्षा समाप्त होने तक सभी लड़कों के विद्यालय आने पर रोक लगा दी है। इस कथित फैसले से छात्र और अभिभावकों में नाराजगी देखी गई। कई छात्रों का कहना था कि एक-दो विद्यार्थियों की गलती की सजा पूरे स्कूल के लड़कों को देना उचित नहीं है।
प्रबंधन ने ‘फरमान’ से किया इंकार
जब इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से बातचीत की गई तो उन्होंने किसी भी प्रकार का लिखित या आधिकारिक फरमान जारी किए जाने से इंकार किया। प्रबंधन का कहना है कि सामूहिक रूप से लड़कों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने जैसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया था।
ACACU टीम की पहल के बाद स्थिति स्पष्ट
इस मामले को लेकर ACACU (एंटी करप्शन एंड क्राइम अपडेट) की टीम ने स्कूल प्रबंधन से चर्चा की। बातचीत के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और लड़कों को पुनः स्कूल में प्रवेश की अनुमति दे दी गई। इसके बाद छात्रों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
गांव में बहस जारी
घटना को लेकर क्षेत्र में अब भी चर्चा जारी है। ओटलों और बाजारों में लोग बदलते सामाजिक परिवेश, किशोरावस्था की संवेदनशीलता और अभिभावकों की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोग मानते हैं कि ऐसे मामलों में दंड के बजाय परामर्श और मार्गदर्शन अधिक आवश्यक है।
बड़ा सवाल
यह मामला कई प्रश्न छोड़ गया है—क्या किशोरावस्था में बच्चों को बेहतर संवाद और काउंसलिंग की जरूरत है? क्या सामूहिक दंड जैसी चर्चाएं समाधान हैं या भ्रम?
फिलहाल स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं, लेकिन यह घटना समाज और शिक्षा व्यवस्था दोनों के लिए सोचने का विषय जरूर बन गई है।
Read Next









