रमजान में सेहत से खिलवाड़! सड़ी-गली और एक्सपायरी खजूर व रूह अफजा बेचने की शिकायत, रजा यूनिटी फाउंडेशन ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

रजा यूनिटी फाउंडेशन ने माहे रमजान के दौरान बाजारों में सड़ी-गली और एक्सपायरी खजूर तथा रूह अफजा शरबत की बिक्री को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को अपर कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी एक विस्तृत ज्ञापन के माध्यम से सौंपी और तत्काल जांच कर दोषी व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
फाउंडेशन का कहना है कि रमजान के पाक महीने में रोजेदार इफ्तार के वक्त खजूर और शरबत का सेवन करते हैं। ऐसे में यदि बाजार में खराब, सड़ी-गली या एक्सपायरी सामग्री बेची जा रही है तो यह न केवल धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है, बल्कि सीधे तौर पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ भी है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानों पर गुणवत्ता की अनदेखी कर मुनाफाखोरी की जा रही है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम तत्काल बाजार में सघन जांच अभियान चलाए, संदिग्ध दुकानों से सैंपल लिए जाएं और एक्सपायरी या खराब माल जब्त कर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे खरीदारी करते समय पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें।
अपर कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन का त्वरित संज्ञान लिया जाएगा और जांच उपरांत यदि शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रजा यूनिटी फाउंडेशन ने साफ कहा है कि रमजान जैसे पवित्र महीने में लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो संगठन आगे भी जनहित में आवाज उठाता रहेगा।
Read Next









