रामलला के दरबार की राह पर खंडवा के कदम: 70 वर्षीया सेवन्ती बाई का सपना हुआ साकार
खंडवा..
कभी मन में दबी एक साध, जो सालों तक जिम्मेदारियों और अभावों के बीच कहीं खो गई थी… शुक्रवार को वह सपना सच में बदल गया। ग्राम रांजनी की 70 वर्षीय श्रीमती सेवन्ती बाई जब अयोध्या के लिए रवाना हुईं, तो उनकी आंखों में सिर्फ आंसू नहीं, बल्कि संतोष और आस्था की चमक थी।
प्रदेश सरकार की “मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना” ने उन बुजुर्गों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जलाई है, जो आर्थिक तंगी के कारण कभी तीर्थयात्रा का विचार भी नहीं कर पाते थे। सेवन्ती बाई बताती हैं कि जीवनभर घर-परिवार की जिम्मेदारियों में लगी रहीं, लेकिन अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की इच्छा मन में हमेशा जीवित रही।
जब उन्हें योजना के तहत अयोध्या यात्रा की जानकारी मिली, तो उन्होंने तहसील के माध्यम से आवेदन किया। अब जब यात्रा का अवसर मिला है, तो वे खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं। उनका कहना है, “रामलला के दर्शन हो जाएंगे, अब जीवन धन्य हो जाएगा।”
डिप्टी कलेक्टर श्री दिनेश सावले ने बताया कि योजना के तहत खंडवा जिले के वरिष्ठ नागरिक शुक्रवार को खंडवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 से विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या के लिए रवाना हुए। सभी तीर्थयात्री 2 मार्च को वापस खंडवा लौटेंगे।
यात्रा के दौरान वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। स्टेशन पर भावनात्मक माहौल देखने को मिला—परिजन अपनों को विदा करते समय गर्व और खुशी दोनों महसूस कर रहे थे।
“मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना” न केवल एक सरकारी योजना है, बल्कि उन अधूरे सपनों को पूरा करने की पहल है, जो वर्षों से किसी कोने में चुपचाप इंतजार कर रहे थे।
Read Next









