खंडवा: विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न

विद्याकुंज इंटरनेशनल स्कूल, खंडवा में गुरूवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य वक्ता जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाती है। उन्होंने बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता, मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा नियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून, साइबर अपराध से बचाव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विधिक विषयों की सरल एवं व्यावहारिक जानकारी दी। श्री चौधरी ने इस अवसर पर ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का श्री चौधरी ने सरल एवं प्रेरणादायी ढंग से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, तथा पैरा लीगल वॉलिंटियर श्री गणेश कनाडे के अलावा विद्यालय के प्राचार्य, संचालक एवं शिक्षकगण भी मौजूद थे।
Read Next








