राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में लापरवाही पर कड़ा एक्शन: खंडवा कलेक्टर ने सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी को किया निलंबित

खंडवा…
राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में लापरवाही बरतने के मामले में खंडवा कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सालय किल्लौद में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री प्रतापसिंह भावस्कर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य पशुधन की नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाना है। इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर द्वारा यह कठोर कदम उठाया गया।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में श्री प्रतापसिंह भावस्कर का मुख्यालय उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं कार्यालय, खंडवा निर्धारित किया गया है। निलंबन काल में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद अन्य विभागों में भी सतर्कता बढ़ गई है और अधिकारी-कर्मचारियों को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए जा रहे हैं।
Read Next









