खंडवा : करंट लगने से मर गई भैंस! बिजली विभाग पर लगाया आरोप कलेक्टर को शिकायत
खंडवा। जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में ग्राम पितलिया निवासी मुकेश महाजन ने करंट लगने से उनकी मुर्रा भैंस की मौत होने के मामले में मुआवजे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बाद भी उन्हें कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है।
मुकेश महाजन ने बताया कि 12 जुलाई को उनके पिता भैंस को चराकर घर ला रहे थे। इसी दौरान जियो टावर से जुड़े बिजली के पोल के पास जमीन में करंट फैल गया था। उनका आरोप है कि पोल ऊपर से क्षतिग्रस्त था, जिससे करंट तार के माध्यम से जमीन में उतर गया और उसकी चपेट में आने से उनकी मुर्रा भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना बिजली विभाग, जियो टावर कंपनी और संबंधित अधिकारियों को दी गई। पटवारी द्वारा मौके का पंचनामा तैयार किया गया तथा पशु का पोस्टमार्टम भी कराया गया।
मुकेश महाजन ने बताया कि वे पिछले मंगलवार को भी जनसुनवाई में पहुंचे थे। उस दौरान कलेक्टर ने जियो टावर कंपनी के प्रतिनिधियों को नुकसान की भरपाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला है।
पीड़ित के अनुसार, मृत मुर्रा भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये थी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने और जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
जनसुनवाई में अधिकारियों ने शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई और मामले की जांच का आश्वासन दिया।
Read Next
खंडवा
खंडवा 

खंडवा
खंडवा
खंडवा