खंडवा : 2 एकड़ जमीन में 8 टावर! पीड़ित महिला के समर्थन में उतरे ग्रामीण..मांधाता क्षेत्र में बढ़ा तनाव,थाने के घेराव की चर्चा से प्रशासन अलर्ट..जीतू पटवारी ने लिया संज्ञान,विधवा महिला किसान को न्याय दिलाने की मांग
खंडवा जिले के मांधाता थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सुलगांव की बिलाया निवासी एक विधवा किसान महिला की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आरोप है कि महिला की मात्र दो एकड़ कृषि भूमि में पहले से ही दो विद्युत टावर स्थापित हैं, इसके बावजूद अब छह और टावर लगाने के लिए बिना सहमति जबरन लाइन खड़ी करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता सोनू गुर्जर और पहलवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिला के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने आरोप लगाया कि महिला की सहमति के बिना उसकी भूमि पर कार्य किया जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण है।
घटनास्थल पर राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच चर्चा का दौर चलता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की मांग की है।
इधर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के बीच थाने के घेराव और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि शाम को बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में माहौल गर्म है और इसकी चर्चा तेजी से फैल रही है। संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने के प्रयास जारी हैं, वहीं ग्रामीण पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
Read Next






खंडवा 

