आईटीआई के “बेटी पढ़ेगी, हुनर से जुड़ेगी” अभियान से बेटियों का सपना होगा साकार
वर्तमान में खण्डवा जिले में बालिकाओं को कौशल से जोड़ने के लिए “बेटी पढ़ेगी, हुनर से जुड़ेगी” अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस अभियान में कौशल आधारित शिक्षा से बालिकाओं को जोड़ा जा रहा है। जो रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के भी अनेकानेक अवसर प्रदान करती है। आज के दौर में कौशल की शिक्षा केवल डिग्री मात्र न रह कर रोजगार व आत्मनिर्भरता की कुंजी बन चुकी है। जिले में संचालित शासकीय आईटीआई संस्थानों से पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने के बाद सरकारी, निजी क्षेत्र मे रोजगार के साथ ही स्वरोजगार के भी व्यापक अवसर उपलब्ध है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बताया कि प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए 8वीं, 10वीं उत्तीर्ण बालिकाएं एवं महिलाएं जिले में संचालित 7 शासकीय आईटीआई संस्थानों की कुल 1480 सीटों में से 35 प्रतिशत महिला आरक्षण के अनुसार कुल 518 सीटों पर प्रवेश ले सकती है। जिसके लिए ऑनलाईन आवेदन एवं च्वाईस फिलिंग की प्रक्रिया 30 जून तक है।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बताया कि आईटीआई द्वारा बालिकाओं और महिलाओं को न केवल गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है बल्कि शासन स्तर से भी समय-समय पर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन, पात्र बालिकाओं को छात्रवृत्ति भी दी जाती है, साथ ही प्लेसमेंट के अवसर भी प्रदान कराये जाते है। इच्छुक बालिकाएं व महिलाएं अपनी रूचि अनुसार आईटीआई में संचालित व्यवसायों में से अपनी रूचि अनुसार व्यवसाय का चयन कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जिले की बालिकाओं और महिलाओं से आह्वान किया है कि वे इस इस अवसर का लाभ उठाएं और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से हुनर एवं तकनीकी दक्षता प्राप्त कर अपने सपनों का साकार करें।
Read Next








