खंडवा के पंधाना में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने टंट्या भील को किया नमन, जयंती कार्यक्रम में हितग्राहियों को बांटे कार्ड
खंडवा, 4 अप्रैल 2026।
खंडवा जिले के पंधाना विकासखंड के ग्राम बड़ौदा अहीर में जननायक टंट्या भील की जयंती के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल हेलीकॉप्टर से भोपाल से रवाना होकर सुबह बड़ौदा अहीर पहुंचे, जहां उनका जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने टंट्या भील के स्मारक पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए एवं श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर उन्होंने टंट्या भील की गौरव गाथा का स्मरण करते हुए उनके साहस, बलिदान और जनसेवा को प्रेरणादायी बताया।
इसके पश्चात आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल ने हितग्राहियों को सिकल सेल कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस अवसर पर खंडवा के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र लोधी , सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पंधाना विधायक छाया मोरे, खंडवा विधायक कंचन तनवे, मांधाता विधायक नारायण पटेल तथा जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेडे सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही तथा राज्यपाल के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
राज्यपाल ने इस दौरान स्थानीय विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके साथ मध्यान्ह भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही और जननायक टंट्या भील की जयंती को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के समापन के बाद राज्यपाल बड़ौदा अहीर से हेलीकॉप्टर द्वारा खरगोन के लिए रवाना हो गए।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा 





