खंडवा में खौफनाक हमला: 10 साल की बच्ची को तेंदुआ सिर पकड़कर जंगल में ले जाने लगा, हालत गंभीर
खंडवा (मध्य प्रदेश): जिले के खंडवा में तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला नर्मदा नगर थाना क्षेत्र की पुनासा चौकी के अंतर्गत जंगल क्षेत्र का है, जहां महुआ बीनने गई एक 10 वर्षीय बालिका पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि पुनासा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली रुक्मा (पिता सियाराम, उम्र लगभग 10 वर्ष) सुबह जंगल में महुआ बीनने गई थी। इसी दौरान अचानक झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसका सिर पकड़कर उसे जंगल के अंदर घसीटने लगा।
मौके से गुजर रहे ग्रामीणों ने बच्ची की चीख-पुकार सुनी और साहस दिखाते हुए तेंदुए का सामना किया। लोगों ने शोर मचाकर और एकजुट होकर किसी तरह बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। हमले में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल बालिका का हाल भी जाना।
क्षेत्र में बढ़ रहा तेंदुओं का खतरा
नर्मदा नगर और पुनासा क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। जंगल से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीण अक्सर मवेशी चराने और महुआ बीनने जंगल जाते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। तेंदुए अब केवल जानवरों ही नहीं, बल्कि इंसानों पर भी हमला करने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के लिए जरूरी सावधानियां:
जंगल में अकेले जाने से बचें, समूह में जाएं
सुबह-शाम के समय विशेष सतर्कता रखें
बच्चों को अकेले जंगल न भेजें
जहां तेंदुए की मूवमेंट हो, वहां अनावश्यक न जाएं
ग्रामीणों को जागरूक करने की आवश्यकता..
विशेषज्ञों के अनुसार, जंगल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को वन्यजीवों की गतिविधियों के बारे में जागरूक करना बेहद जरूरी है। सही जानकारी और सावधानी से ही ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
Read Next








खंडवा
खंडवा