खंडवा : ओंकारेश्वर मंदिर में पुजारी की एंट्री रोकने पर बवाल के बीच कांग्रेस नेता उत्तम पाल ने उठाए सवाल
खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में अधिकृत पुजारियों के प्रवेश को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति बन गई। सुबह 9 बजे के बाद मंदिर में प्रवेश से रोके जाने पर पुजारियों ने नाराजगी जताई और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। इस घटनाक्रम के बीच कांग्रेस नेता उत्तम पाल ने भी मामले को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं।
उत्तम पाल ने कहा कि यदि अधिकृत पुजारियों को ही मंदिर में प्रवेश से रोका जाएगा तो यह धार्मिक परंपराओं और उनकी वर्षों पुरानी व्यवस्था के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में नई व्यवस्थाओं के नाम पर पुजारियों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुजारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान निकाला जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पुजारियों के बीच किसी भी प्रकार का टकराव नहीं होना चाहिए तथा मंदिर की व्यवस्थाएं सभी पक्षों से चर्चा कर तय की जानी चाहिए।
उधर, पुजारियों ने भी कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई और मंदिर में प्रवेश को लेकर स्पष्ट एवं स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 

खंडवा