खंडवा में गौवंश तस्करों पर बुलडोजर एक्शन! अवैध लोडिंग अड्डा जमींदोज,पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के अवैध लोडिंग स्थल पर बुलडोजर चलाया है। यह कार्रवाई जिले में गौवंश तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई का हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को चौकी बोरगांव पुलिस ने गौवंश का अवैध परिवहन करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को उस स्थान की जानकारी मिली, जहां गौवंश को अवैध रूप से एकत्रित कर पिकअप वाहनों में क्रूरतापूर्वक भरकर तस्करी के लिए भेजा जाता था।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पप्पू तथा राजा के घर के पास बने उस अवैध लोडिंग स्थल का निरीक्षण किया। जांच में मिले तथ्यों और ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने बुलडोजर की मदद से पूरे अवैध ढांचे को हटाने की कार्रवाई की, ताकि भविष्य में इस स्थान का उपयोग गौवंश तस्करी या अवैध परिवहन के लिए न किया जा सके।
खंडवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गौवंश तस्करी, पशु क्रूरता और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बोरगांव उप निरीक्षक अविनाश भोपले, सहायक उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह चौहान, आरक्षक धमेन्द्र भावस्कर, आरक्षक राकेश अजनार सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Read Next



खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 

