खंडवा: 36 एमपी एनसीसी बटालियन के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में रक्तदान शिविर आयोजित, कैडेटों ने दिया मानव सेवा का संदेश

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की 36 एमपी एनसीसी बटालियन द्वारा आयोजित कम्बाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC-77) के अंतर्गत जेआईटी कॉलेज, बोरावां में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज सेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को सशक्त बनाना था।
शिविर का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल के. राजेश, डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र पंचाल, सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह तथा कैंप एडजुटेंट संजीप सपकले के मार्गदर्शन में किया गया।
रक्तदान शिविर में बटालियन के पीआई स्टाफ, एनसीसी अधिकारियों और एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। प्रतिभागियों ने मानव सेवा का संदेश देते हुए आम नागरिकों से भी नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर कर्नल के. राजेश ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल अनुशासन और नेतृत्व का ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेटों से राष्ट्र निर्माण और जनसेवा से जुड़े कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ और चिकित्सा दल के सहयोग से रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन ने एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को सार्थक करते हुए सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
Read Next
खंडवा 




