खंडवा: महादेवगढ़ में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का संकल्प, श्रावण में उमड़ेगी आस्था की लहर

महादेवगढ़ मंदिर में होगा सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का महा अनुष्ठान, श्रावण मास में गूंजेगी भक्ति की स्वर लहरियां
खंडवा। धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र महादेवगढ़ मंदिर में इस वर्ष श्रावण मास के दौरान विशेष धार्मिक आयोजनों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। अखंड “ॐ नमः शिवाय” जाप के साथ-साथ पूरे श्रावण मास में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ महा अनुष्ठान का आयोजन भी किया जाएगा।
इस संबंध में मंगलवार देर रात्रि महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल के निवास पर महादेवगढ़ भक्त मंडल एवं श्री दादाजी भजन मंडल परिवार कैलाश झीन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से इस महाअनुष्ठान का संकल्प लिया गया और आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में जानकारी देते हुए अखिलेश गुप्ता ने बताया कि हनुमान चालीसा महा अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए संकल्प रसीद पुस्तिकाएं तैयार कराई जाएंगी। भक्त मंडल की टोली क्षेत्र के हनुमान भक्तों से संपर्क कर उन्हें इस धार्मिक अभियान से जोड़ेगी। श्रद्धालुओं को महादेवगढ़ मंदिर पहुंचकर कम से कम 100 हनुमान चालीसा पाठ करने तथा अपनी श्रद्धा और क्षमता के अनुसार अधिक संख्या में पाठ करने का संकल्प दिलाया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि इस अनुष्ठान का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रसार करना है। श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक में श्री दादाजी भक्त मंडल के अखिलेश गुप्ता, राकेश पालीवाल, मुकेश टूटे, स्मिथ शर्मा, पी.एन. पीपलोनिया, प्रेरित जोशी, योगेंद्र डोडे, ऋषिराज करोड़ी, गिरीश भावसार, प्रशांत पालीवाल, विजय लाड़, उपदेश पीपलोनिया, हेमंत सैनी, सक्षम दुबे, गगन पीपलोनिया सहित महादेवगढ़ मंदिर के मोहन पालीवाल एवं अतुल अग्रवाल उपस्थित रहे।
श्रावण मास में आयोजित होने वाला यह महाअनुष्ठान क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और सामूहिक धार्मिक साधना का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
खंडवा 


खंडवा 