ओंकारेश्वर मंदिर में अनोखी व्यवस्था! पैंट बाहर रखकर गिनी जाएगी दान राशि
ओंकारेश्वर मंदिर में दान राशि की गिनती के लिए नई व्यवस्था, बिना जेब वाली धोती पहनेंगे कर्मचारी; 6 दान पात्रों से निकले 20.88 लाख
ओंकारेश्वर। श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दान की जाने वाली राशि की गिनती को और अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं एसडीएम पंकज वर्मा ने दान राशि की गणना के दौरान कर्मचारियों को पैंट गिनती कक्ष के बाहर रखकर बिना जेब वाली धोती पहनने के निर्देश दिए हैं। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और पुलिस की मौजूदगी में की जा रही है।
गिनती के बाद कर्मचारियों की चेकिंग भी
नई व्यवस्था के तहत दान राशि की गिनती में शामिल कर्मचारी बिना जेब वाली धोती पहनकर ही गिनती कक्ष में प्रवेश करेंगे। सुरक्षा और निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। दान राशि की गणना पूरी होने के बाद कर्मचारियों की चेकिंग भी की जाती है। इसका उद्देश्य दान राशि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ किसी भी तरह की हेराफेरी की आशंका को खत्म करना है।
छह दान पात्रों से निकले 20 लाख 88 हजार रुपये
मंगलवार को नई व्यवस्था के बीच मंदिर के छह दान पात्रों की गिनती की गई। इनसे कुल 20 लाख 88 हजार रुपये की दान राशि प्राप्त हुई। मंदिर संस्थान के अनुसार, पूरी राशि को सुरक्षित रूप से बैंक ऑफ इंडिया की ओंकारेश्वर शाखा में जमा कराया गया।
दान राशि की गणना के दौरान कर्मचारियों के पैंट पहनने पर प्रतिबंध और बिना जेब वाली धोती की व्यवस्था की नगर में भी सराहना की जा रही है।
श्रद्धालुओं की दान राशि को सुरक्षित रखना उद्देश्य
श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं द्वारा दी जाने वाली दान राशि को सुरक्षित रखना और उसका भक्तों की सुविधाओं तथा नगर के विकास कार्यों में सदुपयोग करना है।
ओंकारेश्वर में पिछले कुछ समय से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगामी श्रावण माह को देखते हुए भी जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 

खंडवा