खंडवा: खाद के लिए भटकता रहा किसान, आखिर जनसुनवाई में फूट पड़ा दर्द
खंडवा। जिले की कहलारी सहकारी सोसायटी से जुड़े किसान सोहन सिंह ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर खाद वितरण व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई। किसान का आरोप है कि उन्होंने सोसायटी में समय पर खाद के लिए राशि जमा कर दी है, लेकिन लंबे समय से उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही। इससे उनकी मक्का और कपास की फसल प्रभावित हो रही है।
सोहन सिंह ने बताया कि वे सोसायटी से करीब 7 किलोमीटर दूर रहते हैं। इसके बावजूद उन्हें बार-बार टोकन बनवाने के लिए सोसायटी बुलाया जाता है। उनका कहना है कि सिस्टम में टोकन पहले से दर्ज होने के बावजूद उन्हें खाद नहीं दी जा रही। जब भी वे सोसायटी पहुंचते हैं तो अधिकारियों की ओर से सिर्फ यही कहा जाता है कि “डीएपी आएगी, तब खाद देंगे।”
किसान का आरोप है कि जब भी सोसायटी में खाद की खेप आती है, इसकी सूचना उन्हें नहीं दी जाती। उन्होंने कहा कि वे नियमित किसान हैं, फसल बीमा और अन्य शुल्क भी समय पर जमा करते हैं। यदि उन्हें महंगे दाम पर निजी दुकानों से ही खाद खरीदनी पड़े तो फिर सहकारी सोसायटी का उद्देश्य क्या रह जाता है।
उन्होंने बताया कि खेत में मक्का और कपास की फसल लगी हुई है और समय पर खाद नहीं मिलने से फसल की बढ़वार रुक रही है। यदि जल्द खाद नहीं मिली तो उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। किसान का कहना है कि उनके गांव के करीब 25 किसानों को भी खाद नहीं मिली है और उनके परिवार के तीनों भाइयों को भी अब तक खाद उपलब्ध नहीं कराई गई।
सोहन सिंह ने बताया कि उन पर करीब 2 लाख रुपये का सहकारी ऋण है, जिसकी किस्तें वे नियमित रूप से जमा कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही। उन्होंने फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी की और कहा कि कई बार आवेदन और शिकायत करने के बाद भी उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला।
जनसुनवाई में किसान ने प्रशासन से मांग की कि कहलारी सहकारी सोसायटी में खाद वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पात्र किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराई जाए और किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि समय पर खेती हो सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 

खंडवा