खंडवा में भैंस चोरी मामले में बड़ा एक्शन, 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 पकड़े गए
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में लगातार सामने आ रही भैंस चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामनगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हॉपला-दीपला गांव से जुड़े भैंस चोरी के मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस ने ताजा कार्रवाई में मारसिंह पिता जवान सिंह, उम्र 29 वर्ष, गुम सिंह पिता रामसिंह, उम्र 26 वर्ष और दिलीप पिता मालसिंह, उम्र 23 वर्ष, तीनों निवासी सरमेश्वर को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले इसी मामले में ग्रामीणों ने भैंस चोरी के संदेह में दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने जांच और पूछताछ के बाद जगदीश पिता रामसिंह, उम्र 20 वर्ष और आकाश पिता रेमसिंह उर्फ प्रेमसिंह, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी सरमेश्वर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया था।
अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। पुलिस इनसे पूछताछ कर भैंस चोरी की अन्य वारदातों और कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य के अनुसार पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और भैंस चोरी से जुड़े संभावित रैकेट का पर्दाफाश करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि शुरुआती आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी सामने आने के बाद कई ऐसे लोग भी कोतवाली पहुंचे थे, जिनकी भैंसें पूर्व में चोरी हुई थीं। पुलिस अब इन शिकायतों और पुरानी चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस की जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि जिले में हुई अन्य भैंस चोरी की घटनाओं से इनका कोई संबंध है या नहीं। मामले में आगे और खुलासे तथा कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Read Next
खंडवा 





खंडवा 
खंडवा