दान चोरी की सुर्खियों के बीच खंडवा,ओंकारेश्वर-ममलेश्वर में खुली दान पेटियां, निकले 27.58 लाख रुपए
खंडवा। मध्य प्रदेश की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर और ममलेश्वर मंदिर के दान पात्रों की गणना प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर प्रबंधन और बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई। दोनों मंदिरों के कुल 12 दान पात्रों से इस बार 27 लाख 58 हजार 165 रुपये की दान राशि प्राप्त हुई।
ममलेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के पांच दान पात्र 16 जुलाई को खोले गए। 2 जुलाई से 16 जुलाई के बीच प्राप्त दान की गणना तहसीलदार, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, मंदिर प्रबंधन और बैंक कर्मचारियों की उपस्थिति में की गई। गणना में 6 लाख 71 हजार 865 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
एसडीएम पंकज वर्मा के अनुसार, ममलेश्वर मंदिर में प्राप्त दान राशि का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर परिसर के विकास कार्यों पर किया जा रहा है। इनमें शेड निर्माण, रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, सुविधा गृह सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं।
वहीं, श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के सात दान पात्र भी शुक्रवार को खोले गए। तहसीलदार, पटवारी, मंदिर के सहायक कार्यपालन अधिकारी तथा बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में हुई गणना में 20 लाख 86 हजार 300 रुपये की दान राशि प्राप्त हुई।
हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता के मामले के बाद देशभर में मंदिरों में दान की सुरक्षा, गणना प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर चर्चा तेज हुई थी। ऐसे माहौल में ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिरों में प्रशासनिक निगरानी में दान पात्र खोलकर राशि की गणना करना तथा प्राप्त दान का सार्वजनिक विवरण जारी करना पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दोनों मंदिरों के दान पात्रों से इस बार कुल 27 लाख 58 हजार 165 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
Read Next
खंडवा 





खंडवा 
खंडवा