देवझिरी में प्रकृति संरक्षण का संकल्प: भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हुआ वृक्षारोपण,

विधायक छाया मोरे ने की ‘एक पेड़ मां के नाम लगाने’ की अपील।
खंडवा/पंधाना। बड़ी तादाद में पेड़ों की कटाई के कारण प्रकृति का संतुलन काफी बिगड़ चुका है, आज आवश्यकता है पर्यावरण को बचाने के साथ पौधे लगाकर उन्हें बढ़ाकर ऑक्सीजन की कमी को दूर करना है, सरकार शासन प्रशासन तो अपने दायित्व का निर्माण कर रहे हैं लेकिन इसमें आमजन भी शामिल होंगे तो निश्चित सफलता मिलेगी। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के संदेश के साथ पंधाना विधानसभा क्षेत्र के बरूड़-भोजाखेड़ी स्थित प्रकृति की गोद में बसे अति प्राचीन श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, देवझिरी परिसर में जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्री भोलेनाथ एवं भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित
पंधाना विधायक छाया मोरे ने कहा कि जल संरक्षण और पौधारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और पर्याप्त प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराना है, तो प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण के इस अभियान से जुड़ना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल कर पुत्र पुत्री के तरह उसे बड़ा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “जल संचय और पौधारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन बनना चाहिए। प्रकृति को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विधायक छाया मोरै के साथ ही कार्यक्रम में खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नागार्जुन बी. गौड़ा, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, हरित पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संकल्प दोहराया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया, ताकि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता न रहकर पर्यावरण संरक्षण का स्थायी अभियान बन सके।
Read Next
खंडवा
खंडवा 