सिंहस्थ-2028 से पहले ओंकारेश्वर पहुंचेगी ट्रेन? पश्चिम रेलवे GM ने दिया बड़ा अपडेट
सिंहस्थ-2028 से पहले ओंकारेश्वर तक रेल सेवा शुरू करने का लक्ष्य, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन का गुरुवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे और रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विन कुमार ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने नवनिर्मित स्टेशन और ब्रॉडगेज परियोजना की प्रगति का जायजा लिया तथा रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरों से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण से पहले महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे और डीआरएम अश्विन कुमार ने भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इसके बाद वे ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां स्टेशन परिसर और निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया गया।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने कहा कि पश्चिम रेलवे का प्रयास है कि सिंहस्थ-2028 से पहले ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक रेल सेवा शुरू की जा सके। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना का निरीक्षण अभी जारी है, इसलिए यह बताना जल्दबाजी होगी कि ओंकारेश्वर से महू सेक्शन का कार्य कब तक पूरा होगा।
उन्होंने बताया कि खंडवा से ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक ब्रॉडगेज का कार्य पूरा हो चुका है और इस खंड पर रेल संचालन संभव है। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और भविष्य में इस मार्ग की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों ने महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे का स्वागत किया और क्षेत्र में रेल परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग भी रखी।
गौरतलब है कि हैदराबाद से जयपुर तक की ऐतिहासिक मीटरगेज लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने का कार्य करीब दो दशकों से जारी है। वर्ष 2016 में ओंकारेश्वर रोड से इंदौर तक मीटरगेज सेवा बंद होने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू हुआ था, लेकिन पातालपानी, कालाकुंड और चोरल के पहाड़ी क्षेत्रों में सुरंगों और बड़े पुलों के निर्माण के कारण परियोजना अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हजारों करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के कई हिस्सों में निर्माण कार्य अभी भी धीमी गति से चल रहा है। ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पश्चिम रेलवे सिंहस्थ-2028 से पहले ओंकारेश्वर तक रेल सेवा शुरू करने का लक्ष्य पूरा कर पाएगा।
Read Next
खंडवा
खंडवा 





खंडवा