राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने झिरनिया में ब्लड बैंक स्टोरेज यूनिट का किया लोकार्पण, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती।

खंडवा। संसदीय क्षेत्र खंडवा के भीकनगांव विधानसभा क्षेत्र के झिरनिया अंचल में रविवार को मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में जनकल्याण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। समाज सेवी प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खंडवा संसदीय क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि अभी कुछ दिन पूर्व देश की महामहीम राष्ट्रपति, राज्यपाल महोदय, मुख्यमंत्री तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर सिकल सेल कार्यक्रम में पधारे थे। रविवार को खंडवा संसदीय क्षेत्र के झिरनिया में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई ब्लड बैंक स्टोरेज यूनिट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को गति देने के लिए नई एम्बुलेंस तथा शव वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान राज्यपाल ने सिकल सेल एनीमिया स्वास्थ्य शिविर का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मरीजों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली तथा जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने राज्यपाल महोदय का स्वागत करते हुए कहा कि ब्लड बैंक स्टोरेज यूनिट और नई स्वास्थ्य सुविधाओं से झिरनिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। इससे गंभीर मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में भी आसानी होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पंधाना विधायक छाया मोरै, खरगोन जिला अध्यक्ष नंदा ब्राह्ममणे सहित जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासनिक अमले ने सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे जनहित की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
Read Next

खंडवा 

खंडवा
खंडवा 