खंडवा: बारिश के पानी ने डुबोई किसान की उम्मीदें, पड़ोसी पर गंभीर आरोप
नाली बंद करने का आरोप, किसान की 25 क्विंटल प्याज की कलियां पानी में भीगीं; मोघट थाने में शिकायत
खंडवा। बारिश के बीच नाली बंद किए जाने का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। पीड़ित किसान भगीरथ पटेल ने मोघट थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि मंशाराम पटेल द्वारा नाली बंद कर दिए जाने के कारण बारिश का पानी उनके घर में घुस गया, जिससे घर में रखी करीब 25 क्विंटल प्याज की कलियां (बीज) पूरी तरह पानी में भीग गईं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
आवेदन के अनुसार, नाली बंद होने से पानी की निकासी रुक गई और बारिश का पूरा पानी घर की ओर मुड़ गया। देखते ही देखते घर में पानी भर गया, जिससे वहां रखा प्याज का बीज खराब हो गया। किसान का कहना है कि यह बीज आगामी खेती के लिए तैयार किया गया था और इसके खराब होने से उन्हें बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
भगीरथ पटेल ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने मंशाराम पटेल से नाली बंद करने और हुए नुकसान के संबंध में बात की, तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद पीड़ित किसान ने पूरे मामले की लिखित शिकायत मोघट थाने में देकर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
किसान ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर नुकसान का आकलन कराने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में दूसरे पक्ष मंशाराम पटेल का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read Next
खंडवा
खंडवा 
खंडवा 

खंडवा
खंडवा