विश्व सिकल सेल दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया ब्रह्माकुमारी श्यामा दीदी का सम्मान

विश्व सिकल सेल दिवस पर राष्ट्रपति ने किया ब्रह्माकुमारी श्यामा दीदी का सम्मान
ओंकारेश्वर/खंडवा। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर 19 जून 2026 को ओंकारेश्वर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सहभागिता की। इस दौरान समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और आध्यात्मिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ब्रह्माकुमारीज ओंकारेश्वर सेवा केन्द्र की प्रभारी बीके श्यामा दीदी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सिकल सेल उन्मूलन एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न आयोजनों का आयोजन किया गया। सिकल सेल ट्रस्ट 2026 के सहयोग से ब्रह्माकुमारीज ओंकारेश्वर सेवा केन्द्र द्वारा समय-समय पर आध्यात्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसी कड़ी में एक विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसकी राष्ट्रपति ने सराहना की।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर ब्रह्माकुमारीज प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ। मुलाकात के दौरान राजयोग, आध्यात्मिक मूल्यों तथा वर्तमान समय में आध्यात्मिकता की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा हुई। राष्ट्रपति ने मानव मूल्यों के प्रसार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
प्रतिनिधिमंडल में खंडवा सेवाकेन्द्र प्रभारी बीके शक्ति दीदी, ओंकारेश्वर सेवाकेन्द्र प्रभारी बीके श्यामा दीदी, हरसूद सेवाकेन्द्र प्रभारी बीके संतोष दीदी, पंधाना सेवाकेन्द्र प्रभारी बीके सुरेखा दीदी, बीके रेखा दीदी, मधुबन से आए बीके महेंद्र भाई, रुडमल अग्रवाल, सुनील तीर्थानी, बीके राहुल भाई तथा रुद्र भाई शामिल रहे।
ओंकारेश्वर आगमन पर राष्ट्रपति को ईश्वरीय स्मृति चिन्ह भेंट किया गया, जिसे उन्होंने आत्मीयता के साथ स्वीकार किया। यह मुलाकात आध्यात्मिक मूल्यों, मानव सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति साझा संकल्प का प्रेरणादायी प्रतीक बनी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण के संदेश को आत्मसात करते हुए समाज सेवा के लिए आगे आने का संकल्प लिया।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा 



