NEET UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना: अफवाहों से रहें सावधान, 21 जून को ही होगी परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने स्पष्ट किया है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किया जाएगा। सोशल मीडिया पर परीक्षा स्थगित होने संबंधी चल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल एनटीए की आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें।
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए बैंक खाते की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य नहीं है। जिन अभ्यर्थियों को बैंक विवरण लंबित होने के कारण प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी हो रही थी, वे अब अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही बैंक खाते का सत्यापन पूरा कर परीक्षा शुल्क वापसी प्रक्रिया के लिए पात्र बने रह सकते हैं।
एजेंसी ने सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करें और उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय एवं अन्य जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें। परीक्षा के दिन किसी भी असुविधा से बचने के लिए प्रवेश पत्र की कम से कम दो प्रिंटेड प्रतियां अपने पास रखें।
परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की कटौती होगी। बिना उत्तर वाले प्रश्नों पर कोई अंक नहीं मिलेगा और न ही नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा में फिजिक्स और केमिस्ट्री से 45-45 प्रश्न तथा बायोलॉजी से 90 प्रश्न पूछे जाएंगे।
अभ्यर्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एनटीए ने मेंटल हेल्थ हेल्पलाइन 14416 भी जारी की है। जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी इस हेल्पलाइन की सहायता ले सकते हैं। एनटीए ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी विद्यार्थियों को सकारात्मक माहौल देने और उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की है।
एनटीए ने कहा है कि परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों तथा सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों से अपील है कि वे अपनी तैयारी पर विश्वास रखें, शांत मन से परीक्षा दें और किसी भी अफवाह से प्रभावित न हों। अब मेहनत को सफलता में बदलने का समय है।
Read Next
देश
देश
देश
देश
देश
देश
देश
देश
देश