राष्ट्रपति ने की विधायक कंचन मुकेश तनवे के नवाचार की सराहना, शैक्षणिक सामग्री से बना बुके बना आकर्षण का केंद्र
खंडवा/ओंकारेश्वर। देश की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के ओंकारेश्वर आगमन के दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे का एक अनूठा और प्रेरणादायी नवाचार चर्चा का विषय बन गया। विधायक ने परंपरागत फूल-माला और पुष्पगुच्छ की बजाय पेन, पेंसिल, कॉपी एवं रबर से तैयार विशेष बुके राष्ट्रपति महोदया को भेंट किया।
इस अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तनवे ने राष्ट्रपति महोदया से आग्रह किया कि यह शैक्षणिक सामग्री किसी जरूरतमंद विद्यार्थी तक पहुंचाई जाए, ताकि यह केवल सम्मान का प्रतीक न रहकर किसी बच्चे के भविष्य को संवारने का माध्यम भी बन सके।
विधायक के इस विचार से प्रभावित होकर राष्ट्रपति महोदया ने कहा कि यह भेंट उनकी ओर से किसी जरूरतमंद विद्यार्थी को अवश्य प्रदान की जाए। राष्ट्रपति ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए विधायक से आत्मीय चर्चा की और उनके सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस प्रयास को प्रेरणादायी बताया।
उल्लेखनीय है कि विधायक कंचन मुकेश तनवे पूर्व में भी अपने जन्मदिवस पर समर्थकों से फूल-माला, बुके एवं अन्य उपहारों के स्थान पर पेन, कॉपी, पेंसिल जैसी शैक्षणिक सामग्री भेंट करने का आग्रह कर चुकी हैं। उनके द्वारा एकत्रित की गई यह सामग्री जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित की जाती रही है।
राष्ट्रपति महोदया के समक्ष भी इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक ने शिक्षा, सेवा और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया। उनका यह प्रयास कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अन्य अतिथियों के बीच विशेष चर्चा का विषय रहा।
विधायक कंचन मुकेश तनवे का यह नवाचार यह संदेश देने में सफल रहा कि सम्मान का सर्वोत्तम स्वरूप वही है, जो समाज के किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बने। शिक्षा से जुड़ा यह अभिनव कदम न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।
Read Next
मध्य प्रदेश
खंडवा 


देश 


