खंडवा : दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर भागे थे बदमाश,पंधाना पुलिस ने दबोचा
खंडवा जिले के पंधाना थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां झपटमारी की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 23 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूरा मामला 30 मार्च 2026 का है, जब फरियादी शुभम असलकर, जो कि आईटीआई कॉलेज पंधाना का छात्र है, अपने मित्र आकाश भास्कले के साथ पंधाना बस स्टैंड से कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान न्यू सीएम राइज स्कूल के सामने, नीले रंग की राइडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे।
मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे एक युवक ने उतरकर दोनों युवकों से मोबाइल फोन छीन लिए और तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बदमाश शुभम का ओप्पो F19 प्रो मोबाइल और उसके मित्र आकाश का रेडमी नोट-9 मोबाइल लेकर भाग गए थे।
घटना के बाद पंधाना थाना में अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पंधाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पंधाना की टीम ने अहम भूमिका निभाई। निरीक्षक दिलीप सिंह देवड़ा, उपनिरीक्षक राजेंद्र सोलंकी, प्रधान आरक्षक विनायक और आरक्षक नितिन का विशेष योगदान रहा।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Read Next
खंडवा 







