खंडवा जिले के किसानों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी: भावांतर योजना में सरसों पंजीयन शुरू, 20 मार्च तक मौका — पूरी जानकारी यहां

खंडवा, 26 फरवरी 2026। भारत सरकार की प्राइस डेफिसिट पेमेंट स्कीम (भावांतर योजना) के अंतर्गत रबी वर्ष 2025-26 के लिए सरसों फसल का पंजीयन प्रारंभ हो गया है। ई-उपार्जन पोर्टल पर 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक पंजीयन किया जाएगा।
उप संचालक कृषि नीतेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भावांतर योजना के तहत गेहूं और चना की तरह ही सरसों के लिए भी जिले में 72 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। किसान भाई अपनी नजदीकी सेवा सहकारी समितियों में जाकर पंजीयन करा सकते हैं।
इसके अलावा पंजीयन की सुविधा ग्राम पंचायत कार्यालयों, जनपद स्तरीय कार्यालयों और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। वहीं एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोकसेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे पर निर्धारित शुल्क के साथ पंजीयन कराया जा सकता है।
पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज
किसानों को पंजीयन के समय निम्न दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा—
भूमि संबंधी दस्तावेज
आधार कार्ड
बैंक पासबुक
अन्य फोटो पहचान पत्र
विशेष प्रावधान
सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित केंद्रों पर ही किया जाएगा। सिकमी और बटाई अनुबंध निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
वनाधिकार पट्टाधारी किसानों के लिए वन पट्टा तथा सिकमी-बटाईदार किसानों के अनुबंध 2 फरवरी से पूर्व की अवधि के पंजीकृत होने पर ही मान्य होंगे।
जिन किसानों का निधन हो चुका है और भूमि का नामांतरण लंबित है, उनका पंजीयन खाद्य विभाग के जिला आपूर्ति अधिकारी के लॉगिन से किया जाएगा।
उप संचालक कृषि ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते सरसों फसल का पंजीयन कराकर भावांतर योजना का लाभ अवश्य लें।
Read Next









