ग्राम गांधवा में झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, इलाज के दौरान मासूम की मौत

ग्राम गांधवा में झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, इलाज के दौरान मासूम की मौत
खंडवा। थाना पिपलोद पुलिस ने ग्राम गांधवा के एक तथाकथित झोलाछाप डॉक्टर हिमांशु यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करने और इलाज के दौरान 18 माह के मासूम बच्चे की मौत होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सूचनाकर्ता लाबु जमरा निवासी बड़ा बोरगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका छोटा बेटा ओम पिछले कुछ दिनों से दस्त की बीमारी से पीड़ित था। पहले उसे बोरगांव के सरकारी अस्पताल में दिखाया गया था, जहां इलाज के बाद कुछ सुधार हुआ। लेकिन दोबारा तबीयत बिगड़ने पर वह अपने साढ़ू भाई रमेश सोलंकी के साथ बच्चे को ग्राम गांधवा में डॉ. हिमांशु यादव के पास ले गया।
बताया गया कि हिमांशु यादव ने बच्चे को देखकर कहा कि उसे निमोनिया है और ड्रिप चढ़ाने की जरूरत है। उसने बच्चे को अपने क्लीनिक में भर्ती कर लिया और एक छोटी बाटल (ड्रिप) चढ़ाने के बाद बड़ी बाटल लगाई, जिसमें उसने पांच इंजेक्शन मिलाए। बताया जाता है कि बाटल आधी लगने के बाद हिमांशु यादव क्लीनिक से चला गया, और कुछ ही देर में मासूम ओम की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पिपलोद पुलिस ने मर्ग क्र. 76/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सा विभाग से मिली जानकारी में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी के पास इलाज करने की कोई वैध योग्यता या रजिस्ट्रेशन नहीं था।
पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद आरोपी हिमांशु यादव पिता गणेश यादव निवासी ग्राम गांधवा के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस एवं धारा 24 मध्यप्रदेश राज्य आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम (1956, 1958) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को 29 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
Read Next









