आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारतीय राज्यों के लोगों को अधिक बच्चे पैदा करना चाहिए। क्षेत्र में बुजुर्गों की आबादी बढ़ रही है। इसका विपरीत असर पड़ेगा। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार दो से अधिक बच्चे पैदा करने वाले परिवारों को प्रोत्साहन देने पर विचार कर रही है। वहीं एक नया कानून भी लाने की तैयारी में है। अगर यह कानून आया तो आंध्र प्रदेश में दो से अधिक बच्चे वाले लोग ही स्थानीय निकाय के चुनाव लड़ सकेंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सरकार अधिक बच्चे वाले परिवारों को अधिक लाभ देने पर विचार कर रही है। पहले के कानून के तहत दो से अधिक बच्चे वाले लोग स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं लड़ सकते थे। अब चंद्रबाबू नायडू सरकार ने इस कानून को निरस्त कर दिया है। इसी की जगह नया कानून लाने पर विचार चल रहा है।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि चीन और जापान समेत यूरोप के कई देश बुढ़ापे की समस्या से जूझ रहे हैं। 2047 तक भले ही हमारे पास जनसांख्यिकीय लाभ है। मगर आंध्र प्रदेश समेत दक्षिण भारत में बुढ़ापे की समस्या दिखने लगी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के पलायन की वजह से समस्या और विकराल हो गई है। शहरों में युवा वर्ग के जाने की वजह से आंध्र प्रदेश के कई गांवों में सिर्फ बुजुर्ग बचे हैं। नायडू ने यह भी कहा कि दक्षिण के राज्यों में प्रजनन दर राष्ट्रीय औसत 2.1 से कम 1.6 है।