खंडवा में 3 आदतन बदमाश जिलाबदर, 48 घंटे में छोड़ना होगा जिला

खंडवा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तीन सक्रिय आदतन गुंडा बदमाशों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की है। जिला दण्डाधिकारी ऋषव गुप्ता ने तीनों आरोपियों को एक वर्ष के लिए खंडवा सहित आसपास के छह जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया है।

पुलिस के अनुसार जिन बदमाशों पर कार्रवाई हुई है, उनमें शाहबाज उर्फ सेवाज उर्फ गोलू उर्फ टुंडा, राहुल उर्फ कौवा और शहबाज पुत्र शकील खान शामिल हैं। तीनों पर मारपीट, लूटपाट, अवैध हथियार रखना, धमकी देना, आगजनी, हत्या के प्रयास, शांति भंग और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शाहबाज उर्फ सेवाज पर 19 संज्ञेय अपराध, राहुल उर्फ कौवा पर 8 संज्ञेय अपराध और शहबाज पुत्र शकील खान पर 30 संज्ञेय अपराध दर्ज हैं। इनके खिलाफ पूर्व में कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी, लेकिन गतिविधियों में सुधार नहीं आया।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र तारणेकर और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार बारंगे के मार्गदर्शन में मोघट रोड थाना प्रभारी धीरेश धारवाल ने तीनों के खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
आदेश के अनुसार तीनों आरोपियों को खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, हरदा, बैतूल और इंदौर जिले की सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।
तीनों को आदेश की प्रति तामील करा दी गई है और 48 घंटे के भीतर संबंधित जिलों की सीमा छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
Read Next

खंडवा
खंडवा 





