श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में 150 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

खंडवा। श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज युवा संगठन द्वारा रविवार को शनि मंदिर स्थित पटेल धर्मशाला में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के करीब 150 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, शील्ड एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव रवि चतुर्वेदी तथा विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार दीपाली तिरोले ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही जीवन में सफलता और समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है।
युवा संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. सावन पटेल ने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा को निखारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां उनके माता-पिता के साथ-साथ पूरे समाज का गौरव बढ़ाती हैं। ऐसे सम्मान समारोह बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को सम्मानित करने की प्रेरणादायी पहल हैं।
Read Next

खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 

