बुदनी में भार्गव का विरोध तेज, प्रभारी बोले- कार्तिकेय थे पहली पंसद !

बुदनी उपचुनाव को लेकर भाजपा में कलह खुलकर सामने आ गई है। राजेंद्र सिंह राजपूत ने रमाकांत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और यहां से प्रत्याशी बदलने की मांग पर अड़े हैं।
मध्य प्रदेश बीजेपी में अंदरुनी कलह खुलकर सामने आ गई है। राज्य की दो विधानसभा सीटों विजयपुर और बुदनी पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने हैं, लेकिन इससे ठीक पहले विवाद बढ़ गया है। यह विवाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच नहीं हुआ है। बता दें कि बुदनी सीट को लेकर बीजेपी में रस्साकशी चल रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह राजपूत ने मौजूदा उम्मीदवार रमाकांत भार्गव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजेंद्र इस सीट से उम्मीदवार बदलने की मांग कर रहे हैं।
दरअसल राजेंद्र सिंह राजपूत ने मंगलवार को भैरुंदा में भाजपा प्रत्याशी बदलने को लेकर बैठक बुलाई थी। इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे थे। साथ ही पूर्व मंत्री और उपचुनाव के प्रभारी रामपाल सिंह राजपूत इन कार्यकर्ताओं को शांत कराने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यहां से वापस जाना पड़ा। ऐसा इसलिए क्योंकि राजेंद्र सिंह राजपूत के कार्यकर्ता अपने नेता के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इस कार्यक्रम में रामपाल सिंह राजपूत ने बड़ा बयान भी दिया।
रामपाल सिंह राजपूत ने राजेंद्र सिंह राजपूत के समर्थकों से कहा कि अब यहां से प्रत्याशी बदलना मुश्किल है। सबसे पहले हमने कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था, लेकिन परिवार के एक सदस्य का नाम होने की वजह से खुद शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में हुई बैठक में शामिल नहीं हुए। अब केंद्रीय नेतृत्व ने जो फैसला लिया है वो पार्टी का है। मैं आपकी भावनाओं को सुनने के लिए आपके बीच आया हूं। आपकी बात संगठन के सामने रखूंगा। हालांकि रामपाल सिंह की बातों को सुनकर कार्यकर्ताओं पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि यहां से रमाकांत भार्गव को बदलना होगा नहीं तो बुदनी उपचुनाव का नतीजा कुछ और होने वाला है।
Read Next
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश