खंडवा :जंगल में आग लगाने पर बवाल, आरोपी को छुड़ाने गाड़ी के आगे लेटी महिलाएं
खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र के आमा खुजरी जंगल में शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब वन विभाग की टीम ने जंगल में आग लगाते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। वन विभाग की कार्रवाई से नाराज आरोपी के साथियों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और टीम से विवाद करने लगे।
बताया जा रहा है कि आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में कुछ महिलाएं वन विभाग की गाड़ी के आगे लेट गईं, जिससे काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। वन विभाग के कर्मचारियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और बाद में पूरी टीम पिपलोद थाने पहुंची, जहां मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आमा खुजरी क्षेत्र में लंबे समय से वन अतिक्रमणकारी सक्रिय हैं। जंगल की जमीन और अवैध गतिविधियों को लेकर विभाग और अतिक्रमणकारियों के बीच लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती है। कई बार यह विवाद मारपीट तक पहुंच चुका है। विभाग ने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय कुछ लोगों पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है और कुछ आरोपियों को जिला बदर भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद हालात संवेदनशील बने हुए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जंगल में आग लगाने वालों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Read Next









