लहरों के बीच तिरंगे को सलामी, खंडवा में तैराकों की अनोखी देशभक्ति

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। आमना नदी के गणगौर घाट क्षेत्र में ‘लहरों के राजा’ तैराक दल ने पानी के बीच तिरंगा यात्रा निकालकर देशप्रेम का संदेश दिया।
तैराक दल के सदस्य हाथों में तिरंगा लेकर नदी की लहरों के बीच तैरते नजर आए। इस दौरान कुछ तैराक नदी के गहरे पानी के बीच पहुंचे और तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। पानी के बीच ‘जन गण मन’ का गायन भी किया गया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई इस यात्रा में अलग-अलग समुदायों के सदस्य शामिल हुए। आयोजकों का कहना है कि हर साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह यात्रा लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगाने और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जाती है।
‘लहरों के राजा’ के वरिष्ठ सदस्य राजकुमार सिसोदिया ने बताया कि इस यात्रा को लेकर सदस्यों में हर साल खास उत्साह रहता है। वहीं संजय शर्मा ने कहा कि तिरंगे की आन-बान-शान के लिए नदी के बीच यह आयोजन सावधानीपूर्वक किया जाता है।
आमना नदी की लहरों के बीच तिरंगा लहराते तैराकों का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अनोखी तिरंगा यात्रा के जरिए खंडवा में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
Read Next




खंडवा
खंडवा 
खंडवा 
