खंडवा में नरवाई जलाने पर सख्ती, 34 ग्रामीणों से 1 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
खंडवा, 12 अप्रैल 2026।
जिले में खेतों में नरवाई जलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 34 ग्रामीणों से कुल 1 लाख 900 रुपए का अर्थदंड वसूला जा चुका है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने किसानों से अपील की है कि वे फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई न जलाएं। उन्होंने कहा कि इससे जहां मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, वहीं पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि नरवाई जलाने वालों के विरुद्ध अर्थदंड के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के तहत भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
तहसीलदार खंडवा महेश सोलंकी के अनुसार, खंडवा तहसील के विभिन्न गांवों में 100 से अधिक लोगों के खिलाफ नरवाई जलाने के प्रकरण दर्ज किए गए हैं और सभी को नोटिस जारी किए गए हैं।
इन ग्रामीणों से वसूला गया अर्थदंड
तहसीलदार ने बताया कि ग्राम कनवानी के मुरलीधर, बेनसिंह, उमाशंकर, विनोद और पुष्कर से 3000-3000 रुपए का अर्थदंड वसूला गया है।
ग्राम मानपुर के ईश्वर, शोभाराम, त्रिलोकचंद और महेश से 3000-3000 रुपए वसूले गए हैं, जबकि शरद कुमार और उषा से 2000-2000 रुपए तथा शिव शंकर से 2900 रुपए का जुर्माना लिया गया है।
ग्राम मछोड़ीरैयत की शहनाज बी, शाकिर, लखन और सलमान से 3000-3000 रुपए का अर्थदंड वसूला गया है।
ग्राम सरई के भैयालाल से 2500 रुपए, ग्राम सावखेड़ा के देवी सिंह से 2500 रुपए, ग्राम रामपुरी रैयत के रमेश से 5000 रुपए और बरार रैयत के रायसिंह से 5000 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।
ग्राम सराय के मोहन और मनोज से 5000-5000 रुपए, माथनी बुजुर्ग के आसिफ खान और भाईराम से 2500-2500 रुपए वसूले गए हैं।
सुरगांव बंजारी के मोहन सिंह, पर्वत सिंह और दुर्गा सिंह से 2500-2500 रुपए, ग्राम बेड़ियाव के अल्ताफ, साहिल, जगन और श्रीराम से 2500-2500 रुपए तथा ग्राम भंडारिया की अनुबाई, पंकज और रामपाल से 2500-2500 रुपए का अर्थदंड वसूला गया है।
प्रशासन ने दी चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नरवाई जलाने की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Read Next
खंडवा 







