खंडवा: पंधाना-झिरनिया मार्ग पर पुल का हिस्सा धंसा, प्रशासन ने लगाई बेरिकेडिंग
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच पंधाना से कुड़ियां होते हुए झिरनिया मार्ग पर कुड़ियां गांव के पास स्थित पुल का एक हिस्सा धंस गया है।
बताया जा रहा है कि पंधाना से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित इस पुल के एक कोने का हिस्सा लगातार बारिश के चलते धंस गया। पुल के हिस्से के धंसने से यहां बड़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर बेरिकेडिंग लगाकर लोगों को सतर्क किया है। फिलहाल पुल के दूसरे हिस्से से आवागमन जारी है, लेकिन पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा वाहन चालकों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं की गई, तो बारिश के चलते स्थिति और गंभीर हो सकती है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।
अब जरूरत है कि संबंधित विभाग समय रहते पुल की जांच और मरम्मत कराए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
Read Next









