खंडवा : सर्प मित्र की दर्दनाक मौत, सांप के काटने से गई जान, क्षेत्र में शोक की लहर
खंडवा। जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक सर्प मित्र की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आसिफ पिता अकलीम (निवासी भोजा खेड़ी) के रूप में हुई है, जो सर्प पकड़ने और रेस्क्यू कार्य में सक्रिय थे। बताया जा रहा है कि बरुड़ क्षेत्र में एक सांप पकड़ने के दौरान उन्हें सांप ने काट लिया।
सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी मौत का कारण सांप के जहर का असर बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना छेगांव माखन पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आसिफ की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सर्प मित्र के रूप में उनकी सेवाओं को याद करते हुए स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
Read Next








