श्रमिक हितों की मांगों को लेकर 17 अगस्त को खंडवा में भारतीय मजदूर संघ का आंदोलन

खंडवा। श्रमिक हितों से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ द्वारा 17 अगस्त 2026 को देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई खंडवा द्वारा पुरानी अनाज मंडी में दोपहर 1 बजे राष्ट्रव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश पंचायत सचिव महासंघ के प्रदेश महामंत्री श्री अर्जुन सिंह सोलंकी उपस्थित रहेंगे।
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने बताया कि श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर संगठन ने देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। खंडवा में भी विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक एकजुट होकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने सभी श्रमिक संगठनों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
ईएसआईसी और ईपीएफ सीमा बढ़ाने की मांग
भारतीय मजदूर संघ की प्रमुख मांगों में ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार रुपये से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 1 हजार रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 7 हजार 500 रुपये प्रतिमाह करने तथा ईपीएफ वेतन सीमा 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग शामिल है।
इसके साथ ही बोनस गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये और बोनस पात्रता की वेतन सीमा 21 हजार रुपये से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग भी रखी गई है।
समान वेतन सहित कई मांगें
संगठन द्वारा योजना कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, संविदा कर्मचारियों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन सुनिश्चित करने, श्रम कानूनों के विरोधी प्रावधानों को हटाने, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने तथा अधिकतम ग्रेच्युटी सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने की मांग की जा रही है।
इसके अलावा भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने की मांग भी उठा रहा है।
जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सेवा सुविधाएं मिलना आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी संबद्ध श्रमिक संगठनों से एकजुट होकर 17 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा 

