“माँ का दूध बच्चे के लिए अनमोल उपहार है”* *- विधायक श्रीमती तन्वे*

खंडवा 2 अगस्त 2026, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अगस्त माह के पहले सप्ताह में “विश्व स्तनपान सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल सह शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा की नवजात गहन चिकित्सा इकाई में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंडवा की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने किया। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित प्रसूताओ एवं गर्भवती महिलाओं को स्तनपान के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि डिलीवरी के एक घंटे के भीतर बच्चे को स्तनपान अवश्य करवाएं, क्योंकि डिलीवरी के पश्चात मां के दूध में जो गाढ़ा पीला पदार्थ निकलता है, वह बच्चे का पहला टीका है, और वह गाढ़ा पीला पदार्थ बच्चों के लिए अमृत के समान होता है क्योंकि यह बच्चे को बीमारियों से बचाता है l उन्होंने उपस्थित गर्भवती महिलाओं से कहा कि पौष्टिक आहार के अलावा फल फ्रूट का भी सेवन करें, और समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं। विधायक श्रीमती तन्वे ने उपस्थित गर्भवती महिलाओं को सलाह दी कि आयरन फोलिक एसिड की गोलियां अवश्य लें, क्योंकि मां स्वस्थ रहेगी तभी तो बच्चा भी स्वस्थ होगा। उन्होंने ऐसी प्रसुताओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया, जिन्होंने कि अपने बच्चे को जन्म के 1 घंटे के भीतर स्तनपान करवाया था।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर रश्मि कौशल ने इस अवसर पर कहा कि माँ का पीला व गाढ़ा कोलोस्ट्रम वाला दूध नवजात शिशु के लिए एकदम सटीक आहार है। उन्होंने कहा कि बच्चे को लगातार छह महीने की अवस्था तक स्तनपान कराने की सलाह दी। डॉक्टर कौशल ने महिलाओं को समझाईश दी कि दूध पिलाने के बाद बच्चे को डकार अवश्य दिलवाएं । उन्होंने कहा कि शिशु को छह महीने की अवस्था के बाद और दो वर्ष तक स्तनपान कराने के साथ-साथ पौष्टिक पूरक आहार दिया जाना चाहिए l
सिविल सर्जन डॉ अनिरुद्ध कौशल ने इस अवसर पर कहा कि शिशु को 6 महीने तक केवल मां का दूध ही पिलाना चाहिए, उसे घुट्टी, पानी एवं अन्य किसी भी प्रकार का काढ़ा आदि नहीं देना चाहिए l स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर कोमल छाबड़ा ने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को समझाइश दी कि नवजात शिशु को पर्याप्त सुरक्षा, स्नेह तथा पोषण की आवश्यकता होती है, और स्तनपान इन सभी जरूरतों को पूरा करता है।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉक्टर रंजीत बडोले, डॉ लक्ष्मी डुडवे, डॉक्टर मिथुन कंसल, डॉक्टर दीपक पंचोरे और नंदा कानूनगो, नर्सिंग ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं पैरामेडिकल स्टाफ के सदस्य भी मौजूद थे l
Read Next



खंडवा 



खंडवा