खंडवा: ओंकारेश्वर में बड़ा हादसा टला! डूब रहे हरियाणा के श्रद्धालु की SDERF जवान ने बचाई जान
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। गौमुख घाट के समीप केवलराम घाट पर नर्मदा में स्नान के दौरान गहरे पानी में पहुंचे एक श्रद्धालु को एसडीईआरएफ जवान और स्थानीय युवक की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा से चार श्रद्धालु ओंकारेश्वर दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे थे। शुक्रवार दोपहर केवलराम घाट पर स्नान करते समय वे अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान 30 वर्षीय रोहित चौहान अचानक गहरे पानी में डूबने लगे।
श्रद्धालु को डूबता देख तत्काल शुरू किया रेस्क्यू
घाट पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एसडीईआरएफ जवान उदय सिंह सोलंकी ने श्रद्धालु को डूबते देखा तो तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान स्थानीय युवक कान्हा फोटोग्राफर ने भी साहस और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू में सहयोग किया।
दोनों के संयुक्त प्रयास से रोहित चौहान को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण श्रद्धालु की जान बच गई और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रमुख घाटों पर जवानों को सतर्क रहने के निर्देश
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आशीष कुमार कुशवाहा ने बताया कि ओंकारेश्वर के सभी प्रमुख घाटों पर तैनात होमगार्ड और एसडीईआरएफ जवानों को लगातार सतर्क एवं सजग रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जवानों को विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि श्रद्धालु गहरे अथवा प्रतिबंधित क्षेत्रों में स्नान न करें। किसी भी जोखिमपूर्ण स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों के पालन की अपील
होमगार्ड प्रशासन ने ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा घाटों पर लगे चेतावनी संकेतों का पालन करें और सुरक्षा कर्मियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों को गंभीरता से लें। विशेष रूप से स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Read Next


खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा