कॉलेज में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए अंतिम मौका, 14 अगस्त शाम 5 बजे तक प्रवेश
खंडवा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने अंतिम अवसर दिया है। शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए कॉलेज लेवल काउंसलिंग का अतिरिक्त चरण 14 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।
इस चरण में विद्यार्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। रिक्त सीटों की जानकारी विद्यार्थी और संबंधित महाविद्यालय के लॉगिन पर प्रदर्शित होगी। पंजीकृत विद्यार्थी सीट उपलब्ध होने पर सीधे संबंधित कॉलेज पहुंचकर प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश ले सकेंगे।
नवीन पंजीकृत विद्यार्थी इस अतिरिक्त काउंसलिंग चरण में केवल एक महाविद्यालय में पंजीयन कर सकेंगे। कॉलेज के हेल्प सेंटर पर आवश्यक सत्यापन के बाद विद्यार्थी उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग प्रक्रिया 14 अगस्त को शाम 5 बजे तक ही संचालित होगी। निर्धारित समय के भीतर शुल्क जमा कर प्रवेश लेना अनिवार्य है। शाम 5 बजे के बाद किए गए प्रवेश मान्य नहीं होंगे। पूरी प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।
प्रवेश से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए विद्यार्थी संबंधित महाविद्यालय के हेल्प सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा