खंडवा: सिहाड़ा-मथेला अंडरब्रिज फिर लबालब, आवागमन बंद होने से मजदूरों की दिहाड़ी भी छूटी
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में सुबह हुई तेज बारिश के बाद सिहाड़ा-मथेला अंडरब्रिज एक बार फिर पानी से लबालब भर गया। अंडरब्रिज में पानी भरने के बाद यहां से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया, जिसके चलते आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह कोई पहली बार नहीं है। हर बारिश में करीब दो से तीन घंटे की तेज बारिश होते ही अंडरब्रिज में पानी भर जाता है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि गांव का संपर्क कई रास्तों से टूट जाता है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
अंडरब्रिज में पानी भरने के बाद यहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दिनों में यह अंडरब्रिज लोगों के लिए किसी अजूबे से कम नहीं रह गया है। लोग छाते लेकर और कई बार बारिश में भीगते हुए भी यहां पानी से लबालब भरे अंडरब्रिज को देखने पहुंचते हैं।
लेकिन आज स्थिति कुछ अलग रही। अंडरब्रिज में पानी भरते ही पहली गाड़ी पानी के बीच बंद हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने धक्का लगाकर किसी तरह गाड़ी को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने अंडरब्रिज के तीनों ओर अपने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। करीब 11 बजे तक आवाजाही बंद रहने के कारण क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, खासकर मजदूरी और रोजमर्रा के काम पर जाने वाले लोग, अपने काम-धंधे पर नहीं पहुंच सके।
आज बच्चों की सरकारी छुट्टी तो थी, लेकिन इस व्यवस्था के चलते कई गरीब ग्रामीण मजदूरों की आज की दिहाड़ी भी छूट गई। रोज कमाकर परिवार चलाने वाले इन लोगों के लिए एक दिन का काम छूटना भी बड़ी परेशानी बन जाता है।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर हर बारिश में अंडरब्रिज की यही स्थिति क्यों बनती है? पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही? और कब तक ग्रामीणों को इस समस्या का खामियाजा भुगतना पड़ेगा?
मौके पर मौजूद लोगों ने अपनी परेशानी भी बताई, हालांकि उन्होंने कैमरे पर बोलने से इनकार कर दिया। अब सवाल यही है कि आखिर कब तक सिस्टम की इस गंभीर समस्या का भार गरीब ग्रामीणों को उठाना पड़ेगा?
Read Next









