खंडवा रेलवे स्टेशन री-डेवलपमेंट का काम अगले सप्ताह से होगा शुरू

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रयासों से बड़े शहरों की तर्ज पर आधुनिक रूप में विकसित होगा खंडवा रेलवे स्टेशन
खंडवा। जिले के विकास में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ने जा रही है। खंडवा रेलवे स्टेशन का री-डेवलपमेंट कार्य अब जल्द शुरू होने वाला है। स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर पिछले दो वर्षों से चल रही प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भुसावल के गति शक्ति विभाग द्वारा टेंडर की पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अगले सप्ताह निर्माण एजेंसी को कार्य शुरू करने के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) सौंपा जाएगा।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रयासों से स्टेशन के पुनर्विकास की योजना को गति मिली है। रेल सलाहकार समिति के मनोज सोनी एवं प्रवक्ता सुनील जैन के अनुसार, अगले 15 दिनों में निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ करने से पहले की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
पहले चरण में फ्रंट एरिया का होगा कायाकल्प
री-डेवलपमेंट के पहले चरण में स्टेशन के फ्रंट एरिया में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए टिकट एवं आरक्षण बुकिंग कार्यालय, पार्सल ऑफिस सहित अन्य कार्यालयों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी अगले सप्ताह से शुरू होगी।
साइकिल स्टैंड की ओर अस्थायी रूप से तीन कवर्ड शेड बनाए जाएंगे, जहां इन कार्यालयों को स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद वर्तमान पार्सल बिल्डिंग, बुकिंग ऑफिस और आरक्षण कार्यालय को डिसमेंटल किया जाएगा।
92 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया भवन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खंडवा रेलवे स्टेशन का री-डेवलपमेंट तीन चरणों में किया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण में करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से फ्रंट एरिया में ग्राउंड फ्लोर के साथ तीन मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा।
नए भवन में कार्यालयों के साथ रिटायरिंग रूम और यात्रियों के लिए अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा। इसमें वेटिंग हॉल, कॉनकोर्स और व्यावसायिक दुकानों की सुविधा विकसित करने की योजना है।
री-डेवलपमेंट पूरा होने के बाद खंडवा रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर बड़े शहरों के रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
Read Next




खंडवा
खंडवा 
खंडवा 
