खंडवा: लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटे होमगार्ड और SDRF, कमांडेंट ने लिया जायजा
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में गुरु पूर्णिमा महापर्व और सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर होमगार्ड, सिविल डिफेंस और एसडीईआरएफ की टीम पूरी तरह मुस्तैद नजर आई।
गुरु पूर्णिमा महापर्व के दौरान श्री दादाजी धूनीवाले दरबार में लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और आपदा मित्रों ने सेवा, अनुशासन और मानवता की मिसाल पेश की। स्वयंसेवकों ने भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन, खोया-पाया सहायता, प्राथमिक उपचार, जरूरत पड़ने पर सीपीआर देने की तैयारी और आपातकालीन सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। उनकी सक्रिय भूमिका से मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहीं।
जिला कमांडेंट होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं एसडीईआरएफ खंडवा आशीष कुमार कुशवाह ने स्वयंसेवकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित वॉलंटियर्स समाज की अमूल्य पूंजी हैं और उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, सीपीआर, प्राथमिक उपचार और भीड़ प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर स्वयंसेवकों को हर चुनौती के लिए तैयार करता है।
वहीं सावन सोमवार पर भगवान श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में उमड़ी भारी श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए जिला कमांडेंट ने ओंकारेश्वर के विभिन्न घाटों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड और एसडीईआरएफ जवानों की सुरक्षा व्यवस्था, रेस्क्यू तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, रेस्क्यू रोप, प्राथमिक उपचार सामग्री सहित सभी जीवनरक्षक उपकरणों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही नर्मदा नदी में लगातार जल पेट्रोलिंग, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, प्रतिबंधित स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकने और किसी भी आपात स्थिति में गोल्डन टाइम के भीतर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कमांडेंट ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन और सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें, केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड या एसडीईआरएफ जवानों से संपर्क करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Read Next
खंडवा
खंडवा
खंडवा
खंडवा 
खंडवा
खंडवा 