खंडवा: शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, बोरगांव पुलिस ने 2 बाइक जब्त कर की कार्रवाई
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए खंडवा पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री अगम जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में चौकी बोरगांव प्रभारी उप निरीक्षक अविनाश भोपले द्वारा शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले दो वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई और दोनों मोटरसाइकिलें जप्त की गईं।
पहली कार्रवाई में मोटर साइकिल क्रमांक MP68MG 8342 के चालक राजपाल पिता रघुनाथ महाजन, उम्र 46 साल, निवासी कुमठी, थाना पंधाना को शराब का सेवन कर वाहन चलाते हुए पाया गया। उनके विरुद्ध ज्ञापन क्रमांक 05/2025 के तहत धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम में कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में मोटर साइकिल क्रमांक MP12MR 1738 के चालक रामेश्वर पिता रूपचंद गुर्जर, उम्र 40 साल, निवासी ग्राम बलखड़, थाना पंधाना को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाए जाने पर उनके विरुद्ध ज्ञापन क्रमांक 06/2026 के तहत धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम में कार्रवाई की गई।
खंडवा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अविनाश भोपले, हेड कांस्टेबल राकेश, हेड कांस्टेबल साईंराम नार्वे और 747 दीपक गौर की सराहनीय भूमिका रही।
Read Next






खंडवा 

